
पशु मंगला बीमा कैंप का हुआ आयोजन, 80 से अधिक पशुओं का किया बीमा
चौथकाबरवाड़ा। कस्बे के पशु चिकित्सालय परिसर में सोमवार से दो दिवसीय पशु मंगला बीमा कैंप का शुभारंभ किया गया, जिसमें पहले ही दिन पशुपालकों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। कैंप में 80 से अधिक पशुओं का बीमा किया गया, जिससे क्षेत्र के पशुपालकों में उत्साह देखा गया।
कैंप का संचालन कर रहे डॉ. राजकुमार अग्रवाल और मेघराज मीणा ने बताया कि ब्लॉक को कुल 4000 पशुओं का बीमा करने का लक्ष्य मिला है। उन्होंने कहा कि इस बीमा योजना के तहत गाय, भैंस, बकरी, भेड़ और ऊंट जैसे प्रमुख पशुओं को शामिल किया गया है। योजना का उद्देश्य पशुपालकों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना और पशुओं की आकस्मिक मृत्यु या बीमारी की स्थिति में होने वाले नुकसान की भरपाई सुनिश्चित करना है। नोडल अधिकारी नरगिस बानो ने बताया कि पहले दिन ही 5 ऊंट, 30 बकरियां तथा 50 गाय और भैंसों का सफलतापूर्वक बीमा किया गया। मंगलवार को भी कैंप का आयोजन होगा। जिसमें पशुपालक अपने पशुओं को लाकर बीमा प्रक्रिया पूरी करवा सकते हैं। बीमा के लिए आवश्यक सभी दस्तावेजों की आसान प्रक्रिया और अधिकारियों की सक्रियता के चलते सुबह से ही पशुपालकों की भीड़ देखने को मिली।





































Leave a Reply