
सीसवाली। सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पीछे स्थित गुर्जर बस्ती में पिछले कई दिनों से पेयजल संकट बना हुआ है। बस्ती के करीब 10–15 उपभोक्ताओं को नियमित रूप से पीने का पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
शनिवार को शिकायत मिलने पर मुमन पत्रिका की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। उपभोक्ता धर्मराज गुर्जर ने बताया कि पेयजल लाइन गांव के मुख्य रास्ते पर श्याम सुंदर सेन के मकान के पास से होकर गुजरती है, जहां सड़क की हालत खराब होने से वाल्व क्षतिग्रस्त हो जाता है और पानी की सप्लाई बाधित रहती है। ग्रामीणों के अनुसार नालियों में पानी आए कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन बस्ती में पेयजल आपूर्ति अब तक बहाल नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि समस्या के संबंध में जलदाय विभाग को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। उपभोक्ताओं ने विभाग से तुरंत कार्रवाई कर पेयजल आपूर्ति सुचारु करने की मांग की है। उनका कहना है कि गर्मी के मौसम में पानी की गंभीर कमी से लोगों की परेशानियाँ बढ़ रही हैं और जल्द समाधान नहीं हुआ तो विरोध किया जा सकता है।

















































Leave a Reply