रात्रि चौपाल जनसुनवाई : दीगोदपार में जिला प्रशासन ने सुनी समस्याएं, कई मामलों का हुआ मौके पर निस्तारण

बारां। जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने शुक्रवार को किशनगंज पंचायत समिति की दीगोदपार ग्राम पंचायत में रात्रि चौपाल का आयोजन किया। रात्रि चौपाल में ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर अपनी समस्याएं जिला प्रशासन के समक्ष रखीं। चौपाल में कुल 56 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से कई का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। मौके पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु भी मौजूद रहे।
साफ-सफाई, फसल खराबा, नेटवर्क व पेयजल मुख्य मुद्दे रहे
ग्रामीणों ने चौपाल में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था, फसल खराबे का मुआवजा, मोबाइल नेटवर्क की समस्या, हैंडपंप मोटर, तथा पेयजल आपूर्ति में सुधार जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए। इसके अलावा अतिक्रमण को हटाने, रास्तों की मरम्मत, बिजली सप्लाई, और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े मामलों पर भी आवेदन दिए गए।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
जिला कलक्टर तोमर ने सभी विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र व प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को बिना विलंब समाधान करना है। इस दौरान कई मामलों में संबंधित अधिकारियों को हाथों-हाथ दिशा-निर्देश जारी किए गए।
ग्रामीणों ने जताया संतोष
रात्रि चौपाल में बड़ी संख्या में महिलाएं, किसान एवं बुजुर्ग भी शामिल हुए। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन द्वारा समस्याएं सुनने और तत्काल कार्रवाई करने के प्रयासों की सराहना की।
जिला स्तरीय अधिकारी रहे मौजूद
चौपाल में जिले के सभी जिला स्तरीय अधिकारी, पंचायत समिति के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न विकास योजनाओं व सरकारी सेवाओं की जानकारी भी दी।
रात्रि चौपाल देर शाम तक चली, जिसमें प्रशासन ने जनसमस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें प्राथमिकता के आधार पर समाधान का आश्वासन दिया।














































Leave a Reply