
धौलपुर।मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के 2 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर पचगांव में राज्य स्तरीय महिला सम्मेलन आयोजित संबोधित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति में नारी शक्ति का सदैव सम्मान रहा है। शास्त्रों में भी कहा गया है, जहां नारियों की पूजा होती है, वहां देवता निवास करते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की नारी शक्ति को सम्मान और गरिमा देने के लिए अनेक कदम उठाए हैं। उन्होंने नारी शक्ति को राष्ट्रीय प्रगति का आधार बनाया है तथा स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, स्वच्छता, वित्तीय समावेशन और नेतृत्व जैसे क्षेत्रों में महिलाओं को सशक्त बनाने वाली नीतियां लागू की हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत पिछले 11 वर्षों में 12 करोड़ से अधिक शौचालय बनाए गए हैं। साथ ही, जल जीवन मिशन के तहत 13 लाख 59 हजार ग्रामीण परिवारों को नल से जल उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के माध्यम से समाज में बालिकाओं के प्रति भेदभाव की मानसिकता को समाप्त करने का काम किया है। इसी तरह उज्जवला योजना, सुकन्या समृद्धि, लखपति दीदी तथा महिलाओं के जन धन खाते खोलने जैसी योजनाओं से महिलाओं का आर्थिक भविष्य सुरक्षित हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भी हमारी सरकार ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और उनके सशक्तीकरण के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने प्रदेश में 19 लाख 45 हजार महिलाओं को प्रशिक्षण प्रदान कर 12 लाख से अधिक लखपति दीदी बनाई गईं। साथ ही, लाडो प्रोत्साहन योजना से अब तक 4 लाख 60 हजार बालिकाओं को लाभान्वित किया जा चुका है। इसी तरह 10 लाख 51 हजार साइकिलें और 39 हजार 586 स्कूटियां देकर बालिका शिक्षा को गति दी गई है। उन्होंने कहा कि हमने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत दी जाने वाली 5 हजार रुपये की राशि को बढ़ाकर 6 हजार 500 रुपये किया है। मा वाउचर योजना से अब तक 2 लाख 26 हजार महिलाएं लाभान्वित हुई हैं। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा के लिए 500 कालिका पेट्रोलिंग यूनिट तथा 65 एंटी रोमियो स्क्वॉड का गठन किया गया है। हमारी सरकार के कार्यकाल में महिला अत्याचार के मामलों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने धौलपुर जिले के विकास के लिए अनेक कार्य किए हैं। धौलपुर में 1 लाख 62 हजार महिलाओं को 450 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाए हैं। साथ ही, जिले की 30 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी योजना से लाभान्वित हुई हैं। इसके अलावा जिले में राजकीय महाविद्यालय सैंपऊ, सरमथुरा और राजकीय कन्या महाविद्यालय मरैना के भवनों का निर्माण, डेढ़ लाख विद्यार्थियों को निशुल्क यूनिफॉर्म तथा जल जीवन मिशन के तहत लगभग 58 हजार नल कनेक्शन दिए गए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण में 717 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं तथा 5 हजार 663 आवासों का निर्माण प्रगतिरत है। इसी तरह पार्वती नदी पर संजापुरी आश्रम के पास एनीकट का निर्माण, पार्वती मुख्य नहर एवं माकरा ब्रांच का जीर्णोद्धार, मचकुंड धाम में सौंदर्यीकरण एवं विकास से संबंधित अनेक कार्य करवाए गए हैं। जिले में बुनियादी ढांचा, पेयजल, चिकित्सा, वन, ऊर्जा सहित विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। हमने केवल दो साल में 41 हजार गांवों को ओडीएफ प्लस बना दिया है। इसी तरह लगभग 40 हजार छात्राओं को स्कूटियां दे चुके हैं।दो साल में 3 लाख 37 हजार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया, जबकि गत सरकार ने पूरे पांच साल में 2 लाख 35 हजार युवाओं को ही कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया। इसी तरह हमारी सरकार ने पिछले दो साल में प्रदेश की बिजली उत्पादन क्षमता में 6 हजार 363 मेगावाट क्षमता की वृद्धि की है, जबकि गत सरकार ने 5 साल में केवल 3 हजार 952 मेगावाट क्षमता की वृद्धि की थी।उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि आज महिला घर की चौखट से निकलकर राष्ट्र निर्माण में भागीदारी कर रही है। अब महिला लाभार्थी ही नहीं, बल्कि नीति निर्माता भी बन चुकी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार ने नारी सशक्तीकरण को सिर्फ एक नीति ही नहीं बल्कि एक मिशन बनाया है। उन्होंने कहा कि लाडो प्रोत्साहन योजना के माध्यम से बालिका को सम्मान, पोषण और सुरक्षा मिल रही है तथा समाज में बेटी के प्रति सकारात्मक सोच बढ़ रही है।इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों को डीबीटी के माध्यम से राशि हस्तानांतरित की।सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 91 लाख पेंशनधारियों को 1100 करोड़ रुपये, पालनहार योजना के अंतर्गत 5 लाख 95 हजार लाभार्थियों को 103 करोड़ रुपये, मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा छात्रवृत्ति योजना के तहत 5 हजार विद्यार्थियों को 2.5 करोड़ रुपये तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति के छात्रों को पूर्व मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत 1 लाख 55 हजार विद्यार्थियों को 15 करोड़ रुपये की राशि हस्तानांतरित की।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राजस्थान महिला निधि द्वारा 5 हजार लखपति दीदी को 100 करोड़ रुपये की ऋण सहायता का चैक तथा लखपति दीदी, कृषि सखियों व पशु सखियों को टैबलेट का वितरण किया। मुख्यमंत्री ने स्कूली छात्राओं को साइकिल एवं दिव्यांगजन को स्कूटी भी वितरित की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत आउटबाउंड पोर्टेबिलिटी का भी शुभारंभ किया। ऐसा करने वाला राजस्थान देश का पहला राज्य बन गया है। इस योजना के तहत प्रदेश के लोग दूसरे राज्यों में भी कैशलेस इलाज करा सकेंगे। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव ग्रामीण विकास श्रीमती श्रेया गुहा, जिला प्रभारी सचिव पी. रमेश, संभागीय आयुक्त भरतपुर नलिनी कठौतिया, जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी, जिला पुलिस अधीक्ष विकास सांगवान सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रही।


















































Leave a Reply