सवाई माधोपुर गंगापुर सिटी में मंगलवार को पुरानी सब्जी मंडी इलाके में हुई फायरिंग की घटना ने पूरे शहर में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। जानकारी के अनुसार दो से चार अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने एकाएक गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। इस फायरिंग में दो युवक घायल हो गए, जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल लाया गया।
घायलों की पहचान जितेश शर्मा, निवासी महू कला, और कालू गुर्जर, निवासी उमरी गांव, के रूप में हुई है। घटना के दौरान कालू गुर्जर के पैर में गोली लगी, जबकि जितेश शर्मा के हाथ में गोली लगी है। जिला अस्पताल पहुंचने पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया, लेकिन गंभीर हालत को देखते हुए कालू गुर्जर को जयपुर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी राकेश राजोरा, डीवाईएसपी गिर्राज मीणा, तथा कोतवाली पुलिस सदर थाना पुलिस, उदेई थाना पुलिस जिला अस्पताल और घटना स्थल पर पहुंची। अधिकारियों ने घायलों से जानकारी ली और पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र का निरीक्षण भी किया। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। और हमलावरों की तलाश के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में यह मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा लग रहा है, हालांकि सटीक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। फायरिंग के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव फैल गया है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
फिलहाल गंगापुर सिटी में यह वारदात चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं










































Leave a Reply