
सवाई माधोपुर,31 जनवरी। राज्य सरकार द्वारा विमुक्त, घुमन्तु एवं अर्द्धघुमन्तु समुदाय के व्यक्तियों को केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित घुमन्तु समुदाय सहायता शिविर आमजन के लिए लाभकारी सिद्ध हो रहे हैं। शिविरों के माध्यम से घुमन्तु समुदाय के व्यक्तियों को ऑनलाइन घुमन्तु पहचान प्रमाण पत्र जारी कर उन्हें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का पात्र बनाया जा रहा है।
नगर परिषद आयुक्त देवेन्द्र जिन्दल ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र में 15 जनवरी से 31 जनवरी तक वार्डवार आयोजित इन शिविरों में घुमन्तु समुदाय के व्यक्तियों के मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों के लिए ई-मित्र संचालकों के माध्यम से निःशुल्क ऑनलाइन आवेदन करवाए गए। शिविरों में किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया गया।
उन्होंने बताया कि इस अवधि में घुमन्तु पहचान पत्र एवं घुमन्तु जाति प्रमाण पत्र के 590 ऑफलाइन एवं 44 ऑनलाइन आवेदन, जबकि मूल निवास प्रमाण पत्र के 294 ऑफलाइन आवेदन प्राप्त कर प्रक्रिया पूर्ण की गई। यह शिविर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 1 से 60 तक के घुमन्तु समुदाय (विमुक्त, घुमन्तु एवं अर्द्धघुमन्तु) के नागरिकों के लिए आयोजित किए गए, जिससे उन्हें एक ही स्थान पर आवश्यक सेवाएं उपलब्ध हो सकीं।
नगर परिषद आयुक्त ने बताया कि इन शिविरों का उद्देश्य घुमन्तु समुदाय को पहचान एवं अधिकार दिलाते हुए उन्हें शासन की मुख्यधारा से जोड़ना है, ताकि वे शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा एवं आजीविका से जुड़ी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। शिविरों के प्रति समुदाय में उत्साह देखा गया और बड़ी संख्या में लोगों ने इसका लाभ उठाया।
घुमन्तु समुदाय सहायता शिविर से मिला पहचान और योजनाओं से जुड़ने का आधार वार्डवार शिविरों के माध्यम से निःशुल्क बने पहचान एवं प्रमाण पत्र
















































Leave a Reply