
सवाई माधोपुर। रणथंभौर टाइगर रिजर्व में सफारी के दौरान अब पर्यटक मोबाइल फोन का उपयोग नहीं कर सकेंगे। वन एवं पर्यटन विभाग की संयुक्त बैठक के बाद यह अहम निर्णय लिया गया है। इसके तहत सफारी शुरू होने से पहले पर्यटकों के मोबाइल फोन जमा कराने की जिम्मेदारी गाइड की होगी।
जानकारी के अनुसार, सभी पर्यटकों के मोबाइल फोन निर्धारित बॉक्स में रखवाए जाएंगे, ताकि जंगल सफारी के दौरान मोबाइल का प्रयोग न हो सके। वन विभाग ने बताया कि यह फैसला वन्यजीव संरक्षण, सुप्रीम कोर्ट और नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी (NTCA) के निर्देशों की पालना के तहत लिया गया है। जल्द ही इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया जाएगा।
वन्यजीव संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा
वन अधिकारियों का कहना है कि मोबाइल फोन के कारण वन्यजीवों की गतिविधियों में बाधा उत्पन्न होती है और नियमों का उल्लंघन भी होता है। मोबाइल प्रतिबंध से जंगल में शांति बनी रहेगी और वन्यजीवों के संरक्षण को मजबूती मिलेगी।
पर्यटकों की प्रतिक्रिया
हालांकि, मोबाइल पर प्रतिबंध को लेकर पर्यटकों और स्थानीय लोगों के बीच मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आ रही है। पहले पर्यटक जंगल सफारी के दौरान वन्यजीवों की गतिविधियों और यादगार पलों को मोबाइल कैमरे में कैद करते थे, जो अब संभव नहीं हो सकेगा।
सुरक्षा और प्रशासनिक पहलू
सूत्रों के अनुसार, रणथंभौर क्षेत्र में हाल के वर्षों में बाघों की गतिविधियां बढ़ी हैं। विशेषकर तीर्थ गणेश मंदिर मार्ग पर बाघों की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी यह निर्णय महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
















































Leave a Reply