
शाहाबाद/बारां। शाहाबाद ब्लॉक के ग्राम पठारी में सहरिया जनजाति समुदाय की महिलाओं, पुरुषों व बच्चों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 172 मरीजों की जांच कर उपचार एवं दवा वितरण किया गया।शिविर में चिकित्सा सेवाएं डॉ. राहुल मेहता द्वारा प्रदान की गईं। उन्होंने बताया कि शिविर में दाद, खुजली, खांसी, जुकाम, बुखार सहित कई मौसमी बीमारियों का उपचार किया गया। साथ ही महिलाओं में गुप्त रोग संबंधी समस्याओं का भी इलाज किया गया।संकल्प सोसाइटी मामोनी के चेयरमैन नंदकिशोर शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि शाहाबाद ब्लॉक के सहरिया बाहुल्य दूर-दराज के गांवों में संस्था द्वारा एसबीआई सिक्योरिटीज के सहयोग से लगातार मेडिकल कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में चिकित्सक और नर्सिंग अधिकारी द्वारा मौके पर ही जांच व उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मरीजों को उच्च गुणवत्ता की जेनेरिक दवाएं निःशुल्क प्रदान की जा रही हैं।
डॉ. राहुल मेहता ने बताया कि अस्पताल दूर होने के कारण सहरिया समुदाय के लोग उपचार से वंचित रह जाते हैं, ऐसे में ये शिविर उनके लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रहे हैं। शिविर में महिलाओं व बच्चों में चर्म रोगों के अधिक मरीज पहुंचे।
शिविर को सफल बनाने में मां-बाड़ी डे केयर केंद्र के शिक्षा सहयोगियों एवं सामाजिक कार्यकर्ता चंदालाल भार्गव, रामनिवास सहरिया व कन्हैयालाल चंदेल का विशेष सहयोग रहा।


















































Leave a Reply