
टोंड ग्रामवासियों ने सरकारी विद्यालय के विकास के लिए बढ़ाया कदम
सवाई माधोपुर 5 दिसम्बर। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के मार्गदर्शन में संचालित नवाचार “भविष्य की उड़ान” की प्रेरणा से टोंड गांव के ग्रामवासियों ने सामूहिक जन सहयोग के आधार पर सरकारी विद्यालय के भौतिक विकास हेतु सराहनीय पहल की है। ग्रामवासियों ने 51 हजार की राशि एकत्रित कर विद्यालय विकास में अपना सहयोग प्रदान किया है। यह राशि विद्यालय की प्रधानाचार्य सावित्री मीणा द्वारा एडीपीसी दिनेश कुमार गुप्ता को मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना हेतु सुपुर्द की गई।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के अंतर्गत जनसहयोग से प्राप्त 40 प्रतिशत राशि के अनुपात में राज्य सरकार 60 प्रतिशत अतिरिक्त राशि उपलब्ध कराती है।
भविष्य की उड़ान नवाचार प्रभारी हेमराज मीना ने बताया कि ग्रामवासियों द्वारा दिए गए 51 हजार के सहयोग से विद्यालय को राज्य सरकार से 76 हजार 5 सौ की अतिरिक्त सहायता प्राप्त होगी। इस प्रकार विद्यालय विकास हेतु कुल 1 लाख 27 हजार की राशि स्वीकृत होगी। इस धनराशि का उपयोग विद्यालय में कक्षा कक्ष मरम्मत तथा अन्य भौतिक विकास कार्यों में किया जाएगा।
इस दौरान कालूराम बैरवा, एडी समसा, ग्रामवासी मनोज कुमार, नरसी लाल, किशन लाल तथा भरतलाल मीणा आदि उपस्थित रहे।











































Leave a Reply